HomeJharkhandबोकारो में निर्माणाधीन पुल के पास खुलेआम बालू की चोरी, पिलर की...

बोकारो में निर्माणाधीन पुल के पास खुलेआम बालू की चोरी, पिलर की मजबूती पर मंडराया खतरा

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में अवैध बालू उत्खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। पेटरवार प्रखंड के चांपी में दामोदर नदी पर निर्माणाधीन पुल के ठीक बगल में कथित तौर पर धड़ल्ले से बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। दिन के उजाले में ट्रैक्टरों के जरिए बालू निकाले जाने से पुल के निर्माण और उसकी मजबूती को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, दामोदर नदी पर बन रहे इस पुल का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच रहा है। पुल के पिलर तैयार हो चुके हैं, लेकिन इसके आसपास लगातार बालू का उत्खनन जारी रहने का आरोप है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पुल के दोनों तरफ ट्रैक्टर लगाकर बालू निकाली जा रही है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि पुल के आसपास बड़े पैमाने पर बालू निकालने से पिलरों की नींव प्रभावित हो सकती है। इससे भविष्य में पुल की मजबूती और सुरक्षा पर असर पड़ने की आशंका है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है।

इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों के साथ भाजपा नेताओं ने भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा अंगवाली मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने पुल के नजदीक हो रहे कथित अवैध उत्खनन पर सवाल उठाए हैं।

वहीं, मामले को लेकर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। चांपी में बालू के अवैध उत्खनन का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

अब देखना होगा कि प्रशासन की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और निर्माणाधीन पुल के आसपास हो रहे कथित अवैध बालू उत्खनन पर कब तक रोक लगाई जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments