बोकारो के ललपनिया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव को इस बार भव्य और विश्वस्तरीय स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने ललपनिया पहुंचकर महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुख्य पूजा स्थल पुनाय थान, मुख्य कार्यक्रम स्थल, टेंट सिटी, हेलीपैड और विभिन्न पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। इसके बाद आयोजन समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
संथाल संस्कृति को मिलेगी वैश्विक पहचान
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि लुगुबुरू महोत्सव संथाल समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। प्रशासन का प्रयास है कि इस आयोजन को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को वैश्विक पहचान मिले।
श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल टीम और आपातकालीन व्यवस्था
महोत्सव के दौरान चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। 22 से 24 नवंबर तक पहाड़ पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में भी मेडिकल कैंप बनाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को पहाड़ से नीचे लाने के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था की जाएगी।
छह किलोमीटर के रास्ते पर होगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए आश्रम विद्यालय से महोत्सव स्थल तक करीब छह किलोमीटर लंबे रास्ते पर डिवाइडर, बैरिकेडिंग और विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए बड़े वाहनों की पार्किंग आश्रम विद्यालय के समीप निर्धारित की जाएगी।
स्वच्छता और आकर्षक सजावट पर भी रहेगा फोकस
महोत्सव स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और आकर्षक लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी। पूरे परिसर को आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप सजाया जाएगा। मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना और मंचीय कार्यक्रम को लेकर भी मिनट-टू-मिनट तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार लुगुबुरू महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सम्मान मिले। साथ ही संथाल समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और धार्मिक आस्था को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिले।
