HomeJharkhandगढ़वा: सड़क हादसे में घायल CRPF जवान ओमप्रकाश गुप्ता ने तोड़ा दम,...

गढ़वा: सड़क हादसे में घायल CRPF जवान ओमप्रकाश गुप्ता ने तोड़ा दम, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर निवासी सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता का निधन हो गया। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार की रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव भवनाथपुर पहुंचा, जहां अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जवान का पार्थिव शरीर भवनाथपुर के कर्पूरी चौक पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने नम आंखों से अपने वीर जवान को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ‘वीर ओमप्रकाश अमर रहें’ और ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, ओमप्रकाश गुप्ता तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

दरअसल, बीते 9 नवंबर को भवनाथपुर-श्रीबंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमइलवा स्थित विद्युत सबस्टेशन के पास दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया था। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

शुक्रवार को 172वीं बटालियन सीआरपीएफ गढ़वा के डिप्टी कमांडेंट अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जवानों ने ओमप्रकाश गुप्ता को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इस मौके पर पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य ताहिर अंसारी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद भवनाथपुर के राजदहवा नदी स्थित श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जवान को मुखाग्नि उनके पिता विश्वनाथ प्रसाद शाह ने दी। अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देते समय परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। ओमप्रकाश गुप्ता के निधन से पूरे भवनाथपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments