झारखंड पुलिस को माओवादी संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। झारखंड में 10 लाख रुपये और बिहार में 3 लाख रुपये के इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई, जहां जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियारों और भारी मात्रा में कारतूस का जखीरा बरामद हुआ है।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने प्रेसवार्ता कर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड और बिहार में वांछित माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम महाराष्ट्र के ठाणे में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर मुंबई एटीए की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसके बाद पलामू पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, संजय यादव को ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया था। 9 नवंबर को उसे पलामू न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार माओवादी के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में कुल 63 आपराधिक और उग्रवादी मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू के 32, बिहार के औरंगाबाद के 20, गया के 10 और गढ़वा का एक मामला शामिल है।
निशानदेही पर जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि 10 नवंबर को पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में संजय यादव ने कई अहम जानकारियां दीं। उसके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
SLR राइफल और 290 जिंदा कारतूस मिले
पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक 7.62 एमएम स्वचालित एसएलआर राइफल, 7.62 एमएम के 140 और 0.303 एमएम के 150 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा एसएलआर की तीन खाली मैगजीन, राइफल का बट, मैगजीन पाउच, फोर साइट, चार चार्जर, एम-सील, सीलिंग, दो टीन के केन और एक सफेद रंग का केसिंग पाइप भी मिला है।
पुलिस अब गिरफ्तार माओवादी के अन्य सहयोगियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। एसपी ने कहा कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में हुसैनाबाद और छतरपुर के एसडीपीओ, विभिन्न थानों के प्रभारी, झारखंड जगुआर के अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को झारखंड और बिहार में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
