सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित जागृति मैदान में काली पूजा के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंगलवार को श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भोजपुरी और मगही संगीत का जबरदस्त रंग देखने को मिला। मशहूर गायक गुंजन सिंह और अभिषेक सिंह की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन शामिल हुए। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने शिरकत की। समिति की ओर से दोनों अतिथियों का स्वागत किया गया।
गुंजन सिंह के गानों पर झूमे दर्शक
मंच पर पहुंचे भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने अपने लोकप्रिय गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके चर्चित गाने ‘मरून कलर सड़िया’, ‘पिस्टल पे लहंगा’ और ‘ए राजा जाई ना बहरिया’ की धुन पर दर्शक जमकर झूमे। वहीं, गायक अभिषेक सिंह ने भी अपनी सुरीली आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन किया।
दोनों कलाकारों की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। जागृति मैदान देर रात तक तालियों और भोजपुरी-मगही गीतों की गूंज से सराबोर रहा।
काली पूजा में उमड़ी लोगों की भीड़
काली पूजा के अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और संगीत प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
