कोडरमा: झारखंड के कोडरमा में अवैध पशु व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच अभियान के दौरान मवेशियों से लदे 6 ट्रकों को जब्त करते हुए कुल 48 पशुओं को बरामद किया है। इस कार्रवाई में 5 ट्रक चालकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ ट्रकों में अवैध रूप से मवेशियों को लोड कर कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल के कोलकाता ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तिलैया थाना क्षेत्र के सुभाष चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक-एक कर मवेशियों से लदे 6 ट्रकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर सभी ट्रकों से कुल 48 मवेशी बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से झुमरी तिलैया स्थित गौशाला में रखवाया है। वहीं, हिरासत में लिए गए ट्रक चालकों से पूछताछ में पता चला कि वे मवेशियों को बिहार के काराकाट से लोड कर कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस पशुओं के परिवहन से संबंधित कागजातों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मवेशियों के परिवहन के लिए जरूरी अनुमति और दस्तावेज मौजूद थे या नहीं। पुलिस चालकों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
कोडरमा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पशु व्यापार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
