रांची/तमाड़: झारखंड के रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित सिंदवारी बाजार में नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम खरीदारी के दौरान नोटों पर संदेह होने के बाद स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार, युवक के पास से करीब 23 हजार रुपये के संदिग्ध नकली नोट मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, नोटों की वास्तविकता और कुल राशि की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ क्षेत्र का रहने वाला युवक गुरुवार शाम सिंदवारी बाजार में खरीदारी करने पहुंचा था। इस दौरान उसने एक दुकानदार को भुगतान के लिए नोट दिए। नोटों को देखकर दुकानदार को संदेह हुआ, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और तमाड़ पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध नोट युवक के पास कहां से आए और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
इस संबंध में बुंडू के डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि गुरुवार शाम सिंदवारी बाजार में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ा था। सूचना मिली थी कि वह नकली नोट का इस्तेमाल कर रहा है। इसके बाद तमाड़ पुलिस उसे थाने लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। संदिग्ध नोटों की जांच के बाद ही उनकी वास्तविकता और इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

