बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया काजू वन के समीप एनएच-32 की है। यहां यात्रियों से भरा एक टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान ग्वालाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय मृत्युंजय महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम टेंपो संख्या JH 10 AS 7129 चास से यात्रियों को लेकर पिंड्राजोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान काशीझरिया काजू वन के पास टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर संख्या NL 01 AD 9911 से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो में सवार मृत्युंजय महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मजदूर राजू महतो के अनुसार, टेंपो में करीब एक दर्जन लोग सवार थे। सभी लोग मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि टेंपो धर्मशाला मोड़ से यात्रियों को लेकर निकला था।
घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर बोकारो जनरल अस्पताल के मर्चरी में रखवाया गया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की जानकारी दी गई है।
इधर, हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने एनएच-32 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

