रांची: राजधानी रांची में वाहन पार्किंग को लेकर रांची नगर निगम ने निर्धारित शुल्क और नागरिकों को मिलने वाली छूट की जानकारी साझा की है। निगम के अनुसार, दोपहिया वाहनों के लिए तीन घंटे का पार्किंग शुल्क 10 रुपये और चारपहिया वाहनों के लिए 30 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही पार्किंग के पहले 10 मिनट तक कोई शुल्क नहीं देना होगा।
शनिवार-रविवार और राष्ट्रीय अवकाश पर 50% छूट
रांची नगर निगम की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, शनिवार, रविवार और राष्ट्रीय अवकाश के दिनों में निर्धारित पार्किंग दरों पर 50 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। इससे इन दिनों पार्किंग का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
निर्धारित दरों के अनुसार, सामान्य दिनों में दोपहिया वाहन के लिए तीन घंटे का शुल्क 10 रुपये और चारपहिया वाहन के लिए 30 रुपये होगा। वहीं, पहले 10 मिनट तक पार्किंग करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
पार्किंग शुल्क में गड़बड़ी होने पर यहां करें शिकायत
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पार्किंग शुल्क की निर्धारित दरों की जानकारी रखें और नियमानुसार ही भुगतान करें। यदि पार्किंग शुल्क वसूलने में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है या किसी नागरिक को शिकायत होती है, तो वह रांची नगर निगम के शिकायत हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकता है।
नगर निगम ने नागरिकों से पार्किंग नियमों का पालन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

