News Post:
सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर के एस टाइप में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 50 लाख रुपये के बजट से तैयार हो रहा यह पंडाल दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने की उम्मीद है।
पंडाल की ऊंचाई लगभग 85 फीट और चौड़ाई करीब 100 फीट होगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत आंतरिक और बाहरी हिस्सों में शीशे, क्रिस्टल और ग्लास वर्क की आकर्षक सजावट होगी। मां दुर्गा की प्रतिमा को भी शीशे और फाइबर के अनूठे स्वरूप में तैयार किया जा रहा है।
पूजा कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार, इस बार पूजा का कुल बजट करीब 50 लाख रुपये रखा गया है। इसमें लगभग 30 लाख रुपये पंडाल निर्माण और 10 लाख रुपये भव्य विद्युत सज्जा पर खर्च किए जाएंगे। पंडाल और प्रतिमा का निर्माण पश्चिम बंगाल के कांथी के कुशल कारीगर कर रहे हैं, जबकि आकर्षक रोशनी की सजावट की जिम्मेदारी चंदननगर के कलाकारों को दी गई है।
कमेटी के मुख्य संरक्षक मनोज सिंह और अध्यक्ष दिनेश सिंह ‘बबलू’ मुख्य यजमान हैं। आयोजकों का कहना है कि पंडाल की भव्य बनावट, शीशे और क्रिस्टल की सजावट इसे खास पहचान देगी। उम्मीद जताई जा रही है कि यह पंडाल आदित्यपुर के साथ-साथ जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
दुर्गा पूजा को लेकर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब श्रद्धालुओं को पंडाल के अंतिम स्वरूप और मां दुर्गा के दर्शन का इंतजार है।

