रांची: सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। प्रथम चरण में जिले के 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से पेंशन की राशि ट्रांसफर की गई है।
प्रत्येक लाभुक के खाते में एक हजार रुपये की दर से कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना और मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के ट्रांसजेंडर लाभुक शामिल हैं।
सितंबर महीने में मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,85,894, आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318, HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 454 और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 3 ट्रांसजेंडर लाभुक शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिन लाभुकों को सितंबर महीने की पेंशन राशि नहीं मिली है, उनके लिए बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है। आधार सीडिंग पूरी होने के बाद योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने में सुविधा होगी।
प्रशासन ने पेंशनधारियों से अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की स्थिति की जांच कराने और आवश्यकता होने पर संबंधित बैंक से इसे पूरा कराने की अपील की है।

