चतरा: सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर मुरवे स्टेडियम के समीप देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे ब्रेकडाउन हालत में खड़े हाइवा से कोयला लदा ट्रेलर टकरा गया। हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना मिलने के बाद सिमरिया पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। रेस्क्यू के दौरान गैस खत्म होने से बचाव कार्य में परेशानी हुई। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान बड़कागांव के सीकरी निवासी 28 वर्षीय धीरंजन साव के रूप में हुई है। वहीं घायल उपचालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। 108 एंबुलेंस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। हालांकि, सड़क जाम नहीं किया गया है। शव को सड़क किनारे रखकर परिजन मुआवजे की मांग पर डटे हुए हैं।
मौके पर सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और अंचल अधिकारी गौरव कुमार मौजूद हैं। अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को शांत कराने तथा पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास कर रहे हैं।
जमशेदपुर हादसे के बाद फिर उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब जमशेदपुर में सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन वाहन से हुई टक्कर के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर निर्देश जारी किए गए थे। सिमरिया की घटना के बाद एक बार फिर सड़क किनारे ब्रेकडाउन वाहनों की पार्किंग और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब प्रशासन के सामने चुनौती है कि सड़क किनारे खराब वाहनों को सुरक्षित तरीके से हटाने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।


