रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र में ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, चुटिया थाना क्षेत्र निवासी ऑटो चालक शोभन राय अन्य ऑटो चालकों के साथ धुर्वा थाना क्षेत्र में बैठकर खाना-पीना और पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने शोभन राय के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान शोभन राय पर पत्थर और बोल्डर से भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की वजह और हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले में पुलिस की जांच जारी है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


