हजारीबाग: जिले में अवैध स्टोन क्रशरों के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सदर और पदमा प्रखंड में 9 अवैध स्टोन क्रशरों को सील किया गया है। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध रूप से क्रशर संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिला प्रशासन के अनुसार, जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे स्टोन क्रशरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। संबंधित क्रशर संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
कार्रवाई के दौरान गिट्टी लदे एक ट्रक को भी जब्त किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनन और क्रशर संचालन से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से अवैध खनन और नियमों के विरुद्ध संचालित गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है। अधिकारियों के मुताबिक, आगे भी जांच और कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।


