महिला से मारपीट के आरोप के बाद ग्रामीणों और CISF जवानों में भिड़ंत
न्यूज़
निरसा थाना क्षेत्र के चापापुर ओसीपी इलाके में रविवार को CISF जवानों और ग्रामीणों के बीच झड़प के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे।
बताया जा रहा है कि चापापुर ओसीपी के पास लकड़ी चुनने जा रही एक महिला को कथित तौर पर कोयला चोरी के संदेह में CISF जवानों ने रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई।
महिला के साथ मारपीट की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और ग्रामीणों तथा CISF जवानों के बीच झड़प हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों पर CISF वाहनों में तोड़फोड़ करने और जवानों से भिड़ने का भी आरोप है।
वहीं, ग्रामीणों की ओर से CISF जवानों पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, फायरिंग के आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस आरोप के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया।
घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हैं। ग्रामीण घायल महिला के समुचित इलाज और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद JMM नेता प्रशांत हेंब्रम भी मौके पर पहुंचे और दोषी CISF जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल चापापुर ओसीपी क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। घटना में लगे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


