कोडरमा:- जेपीएससी-जएसएससी-सीजीएल पेपर लीक और परीक्षा में कथित धांधली मामले की जांच अब कोडरमा तक पहुंच गई है। सीआईडी की एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ के लिए टीम उन्हें रांची ले गई है।
सूत्रों के अनुसार, मामले में पहले हिरासत में लिए गए आरोपियों और कथित बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के इन दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद सीआईडी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात कोडरमा में छापेमारी की।
सीआईडी की टीम ने सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में कार्रवाई करते हुए राजेश प्रसाद यादव, पिता जगदीश यादव को उसके घर से हिरासत में लिया। इसके बाद टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के पूर्णानगर रोड में छापेमारी कर संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह को हिरासत में लिया।
दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। सूत्रों का दावा है कि पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में इन दोनों के नाम सामने आए थे। हालांकि, सीआईडी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों युवकों की मामले में क्या भूमिका रही है।
सीआईडी की पूछताछ और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों का कथित पेपर लीक या परीक्षा धांधली मामले से किस स्तर पर संबंध था। मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई लगातार जारी है।


