रांची: रातु थाना क्षेत्र में जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का रांची पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद किया गया है।
मामले में वादी ने अज्ञात मोबाइल नंबर और अज्ञात अपराधकर्मियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और छापेमारी कर आरोपी गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी पूर्व में नक्सली गतिविधियों और रेल डकैती जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ने इस घटना में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी: गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा, पिता स्व. अचल पाहन उर्फ अचल मुंडा, वर्तमान पता सरनाटोली, कोकर, रांची।
बरामदगी: एक मोबाइल फोन और एक सिमकार्ड।
पूर्व आपराधिक मामले: आरोपी के खिलाफ चक्रधरपुर रेल थाना, मूरहू थाना और टेबो थाना में डकैती, हथियार और नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं।

