रांची पुलिस की ऑपरेशनल तैयारी और फायरिंग दक्षता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को जैप-1 ग्राउंड, बरियातू में विशेष फायरिंग अभ्यास कराया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ विभिन्न थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को छोटे हथियारों के सुरक्षित और प्रभावी संचालन, निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन तथा लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आकस्मिक एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास भी कराया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की फायरिंग क्षमता, हथियार संचालन कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऑपरेशनल तत्परता को मजबूत करना है। रांची पुलिस द्वारा लगातार प्रशिक्षण और कौशल विकास के माध्यम से जवानों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सके।

