बेरमो/पेटरवार: पेटरवार प्रखंड क्षेत्र के खेतको पंचायत में वृद्धा पेंशन की राशि पिछले 6 महीने से नहीं मिलने से दर्जनों बुजुर्ग महिला और पुरुष परेशान हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे बुजुर्गों ने शुक्रवार को पंचायत की मुखिया अनवरी खातून के घर पहुंचकर अपनी समस्या रखी और जल्द पेंशन दिलाने की पहल करने की मांग की।
बुजुर्ग महिलाओं ने कहा कि वे बेहद मजबूर हैं और उनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। सरकार से मिलने वाली वृद्धा पेंशन से ही दवा, राशन और रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी होती हैं। लेकिन छह महीने से पेंशन नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुजुर्गों ने कहा कि कई जगह अपनी समस्या बताने के बाद भी समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने पंचायत की मुखिया से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने मुखिया से आग्रह किया कि उनकी परेशानी सरकार तक पहुंचाकर बकाया पेंशन की राशि जल्द दिलाने में सहयोग करें।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखिया अनवरी खातून ने भी राज्य सरकार और मुख्यमंत्री से बुजुर्गों की समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वृद्ध महिलाओं और पुरुषों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनकी पेंशन राशि का जल्द भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।


