सरायकेला-खरसावां: चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित टेंथमाइल स्टोन होटल में सोमवार दोपहर जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक (33) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद कारोबारी को गंभीर हालत में जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक निखार सबलोक जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि उनका होटल समेत कई कारोबार था। सोमवार दोपहर वह किसी काम से कांदरबेड़ा स्थित टेंथमाइल स्टोन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।
जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने कारोबारी को करीब चार गोलियां मारीं। इनमें एक गोली सिर में लगी, जो उनकी मौत का कारण बनी। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुल सात खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस रंगदारी के एंगल को भी खंगाल रही है। हालांकि हत्या की सही वजह और अपराधियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है। मृतक के परिजन और परिचित भी घटना की सूचना मिलने के बाद टीएमएच अस्पताल पहुंचे।


