HomeBiharअशोकधाम मंदिर हादसा: CM सम्राट का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को...

अशोकधाम मंदिर हादसा: CM सम्राट का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये

अशोकधाम मंदिर भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत, CM सम्राट चौधरी ने किया 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

Ashokdham Temple Stampede: बिहार के लखीसराय जिले में सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पास अचानक भगदड़ मचने से कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अशोकधाम में कैसे मची भगदड़?

सोमवार सुबह अशोकधाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान अशोक धाम हॉल्ट के पास दोनों ओर से ट्रेन आने की सूचना के बीच अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, कुछ युवकों के भागने से स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया।

पोल गिरने के बाद वहां करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई। हालांकि प्रशासन के अनुसार उस वक्त बिजली आपूर्ति बंद थी और तार भी कवर किया हुआ था। अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। इसी दौरान कई लोग भीड़ में दब गए।

CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया। साथ ही अधिकारियों को घायलों का बेहतर और तत्काल इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि लखीसराय के अशोकधाम की घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

नीतीश कुमार और संजय झा ने भी जताया शोक

अशोकधाम मंदिर हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू नेता संजय झा ने भी दुख जताया। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राहत-बचाव कार्य जारी

हादसे के तुरंत बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अफवाह के कारण पैदा हुई भगदड़ हादसे की बड़ी वजह बनी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments