रांची। राजधानी रांची में शहरी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने बड़ी योजना तैयार की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में कुल 135 पक्के कंक्रीट वाले सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें 20 स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस एस्पिरेशनल टॉयलेट बनाए जाएंगे, जबकि शेष 115 स्थानों पर नौ सीटों वाले सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होगा।
इस परियोजना का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, ट्रांसजेंडर और बच्चों के साथ यात्रा करने वाली माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नगर निगम की योजना के तहत सार्वजनिक शौचालयों को पहले की तुलना में अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा।
खास बात यह है कि 20 स्थानों पर बनने वाले एस्पिरेशनल टॉयलेट में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। इस्तेमाल किए गए सैनिटरी उत्पादों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा छोटे बच्चों के साथ आने वाली माताओं के लिए अलग से फीडिंग रूम बनाया जाएगा, ताकि वे अपने बच्चों को आराम से दूध पिला सकें।
इन आधुनिक शौचालयों में डिजिटल फीडबैक सिस्टम भी लगाया जाएगा। इसके माध्यम से लोग शौचालयों की साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे। वहीं, सुरक्षा और निगरानी के उद्देश्य से शौचालयों के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
नगर निगम की ओर से जारी योजना के अनुसार, प्रत्येक एस्पिरेशनल टॉयलेट के निर्माण पर करीब 35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, शेष 115 सार्वजनिक शौचालयों में से प्रत्येक के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
इस संबंध में रांची नगर निगम की सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी ने बताया कि शहर में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए यह पहल की जा रही है। इसका लाभ आम नागरिकों के साथ-साथ शहर में आने वाले लोगों को भी मिलेगा।
नगर निगम की इस योजना से राजधानी के सार्वजनिक स्थानों पर शौचालयों की उपलब्धता बढ़ने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। हालांकि, निर्माण कार्य कब से शुरू होगा और किन-किन स्थानों पर शौचालय बनाए जाएंगे, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

