Site icon khabar jharkhand

राँची में फिर बरसी गोलियाँ, कालू लामा हत्याकांड में शामिल बिट्टू ख़ान मारा गया

ranchi murder

ranchi murder

राँची:

राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित एदलहातु में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक तनवीर आलम उर्फ़ बिट्टू ख़ान का भी आपराधिक इतिहास रहा है। मृतक एदलहातू के नीचे टोला का रहनेवाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बिट्टू ख़ान का नाम पहली बार बीते वर्ष राजधानी के चर्चित कालू लामा हत्याकांड में आया था और जेल भी गया था।

आपको बता दें कि कालू लामा की हत्या राजधानी के वीआईपी इलाक़ा माना जानेवाला मोराबादी स्थित पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन आवास के नजदीक पिछले वर्ष 27 जनवरी को कर दी गई थी। बाइक सवार अपराधियों ने दिन दहाड़े इस घटना को अंजाम देकर राजधानी की पुलिस को बड़ी चुनौती दी थी। बताया जा रहा है कि बिट्टू ख़ान अभी हाल में ही जेल से छूटकर आया था।

तनवीर आलम उर्फ़ बिट्टू ख़ान की हत्या भी बाइक सवार अपराधियों के द्वारा कर दी गई है। घटना बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातू का बताया जा रहा है जहां बाइक सवार दो अपराधियों ने एक युवक को गोलियों से छलनी कर दिया और मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार बिट्टू खान एदलहातु के टोंटे चौक के पास स्थित सरना स्थल के पास खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने वहाँ पहुँचकर बिट्टू ख़ान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में बिट्टू खान को 4 से ज्यादा गोलियां लगी। बिट्टू को गोली मारने के बाद अपराधी तुरंत वहां से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल भेजा लेकिन वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।हत्या की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। मौके पर सिटी एसपी शुभांशू जैन पहुँचकर मामले की खुद जांच कर रहे है।

Exit mobile version