Site icon khabar jharkhand

जमशेदपुर में संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली शपथ, SSP ने दिलाया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

जमशेदपुर: संविधान दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की मौजूदगी में पुलिस अधिकारी और जवान एक साथ खड़े होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।

संविधान के मूल्यों को सर्वोपरि रखने का संदेश

एसएसपी डॉ. वकारिब ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। पुलिस बल की जिम्मेदारी है कि वह संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से कानून का शासन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे समाज के सभी वर्गों के साथ समानता और न्याय के सिद्धांतों के आधार पर कार्य करेंगे। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के प्रति हमेशा तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस कार्यालय परिसर में देशभक्ति और संवैधानिक प्रतिबद्धता का माहौल देखने को मिला। सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान दिवस के अवसर पर अपने दायित्वों के प्रति पुनः समर्पण व्यक्त किया।

Exit mobile version