Site icon khabar jharkhand

रांची में 122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव का आगाज, गौ कथा से गूंजा गोकुलधाम; कल राज्यपाल होंगे शामिल

रांची: राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित गोकुलधाम गौशाला में रांची गौशाला न्यास की ओर से दो दिवसीय 122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव की शुरुआत हो गई है। महोत्सव के पहले दिन गौ सम्मान और गौ-सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय गौ कथा सत्संग का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गौ-महिमा और गौ-सेवा के महत्व को जाना।

गौ सम्मान आह्वान अभियान के पावन संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पखमेड़ा से पहुंचे कथावाचक ग्वालसंत ने गौ कथा प्रस्तुत की। उन्होंने अपने प्रवचन के माध्यम से गौ-महिमा, गौ-संरक्षण और गौ-सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा और सत्संग के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।

वहीं, महोत्सव के दूसरे दिन गौशाला परिसर में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन से होगी। इसके बाद गौ पूजन, गौ दर्शन और तुलादान का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शाम 6 बजे से दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे से भजन संध्या और श्रीकृष्ण रासलीला का आयोजन होगा। गोवर्धन, मथुरा से पहुंचे सुप्रसिद्ध भजन गायक राजेश प्रसाद शर्मा अपनी टीम श्याम लोक कला मंच सेवा समिति के साथ भजनों की प्रस्तुति देंगे।

रांची गौशाला न्यास के अध्यक्ष पुनीत पोद्दार ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य गौ-महिमा के प्रचार-प्रसार के साथ गौ-सम्मान और गौ-सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। दो दिवसीय आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और गौभक्तों में उत्साह का माहौल है।

Exit mobile version