रांची। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, पारिवारिक विवाद समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में सुनवाई के दौरान कार्य में लापरवाही के मामले में दिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता को शोकॉज जारी करने और उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और आम जनता की शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, ताकि किसी जरूरतमंद को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं का सीधा समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

